चंपावत, 29 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत चंपावत जिले में जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पशुपालन विभाग की ओर से विकासखंड चंपावत के ग्राम धौन रौतला में एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि राजकीय पशु चिकित्सालय सचल चंपावत की टीम ने गांव पहुंचकर पशुपालकों को उनके घर के पास ही पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। अंतरराष्ट्रीय रेबीज दिवस के अवसर पर आयोजित शिविर में आठ श्वानों का रेबीज रोधी टीकाकरण किया गया ।

शिविर में पशुपालकों को रेबीज के लक्षण, बीमारी से होने वाले संभावित खतरे, बचाव के उपाय और समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पशुधन बीमा योजना के तहत आठ गोवंशीय पशुओं का बीमा कराया गया, जिससे पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

इस दौरान बीमार पशुओं की मौके पर जांच कर उनका उपचार भी किया गया। शिविर में सचल पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैशाली शाह, पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी और वाहन चालक दिनेश चंद्र गहतोली मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को पशु स्वास्थ्य और देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।