देहरादून 28। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स एवं पोर्टरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से ही आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्र में फंसे सभी ट्रैकर्स और पोर्टरों की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने तथा आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीमों और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान की लगातार निगरानी करते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।