चंपावत, 01 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को जनपद चंपावत में विभिन्न भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से जयंती समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जयंती के अवसर पर जनपद के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों में प्रातः 08 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

इस दौरान आयोजित गोष्ठियों एवं कार्यक्रमों में दोनों महान विभूतियों के जीवन-संघर्ष, निष्काम देशसेवा और उच्च आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा। समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़ी अंत्योदय की अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय अखंडता, स्वाधीनता संग्राम, नमक सत्याग्रह, सादा जीवन-उच्च विचार, नैतिकता, सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

जयंती कार्यक्रमों की श्रृंखला में सुबह 09 बजे चंपावत मुख्य बाजार स्थित गांधी चौक में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।

इसके साथ ही पूरे जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न महान विभूतियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से स्वच्छता अभियान में सहभागिता करने तथा महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की है।