**बनबसा, 21 नवंबर 2026।**

 

माननीय सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के निर्देशानुसार शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर बनबसा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पीएलबी अर्जुन सिंह, पीएलबी हरिप्रिया जोशी एवं पीएलबी राधा चंद ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया।

 

शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान एवं बाल विवाह निषेध को लेकर संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, उसके उद्देश्य तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया गया।

 

इसके साथ ही बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो एक्ट 2012 तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इसके रोकथाम में समाज और युवाओं की भूमिका के बारे में भी बताया गया।

 

वहीं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मोटर वाहन अधिनियम 1988 एवं मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2019 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया गया।

 

शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देकर जागरूक नागरिक बनाना तथा स्वच्छता, बाल संरक्षण और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।