**खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और एफएसएसएआई लाइसेंस अपडेट रखने के निर्देश**

चम्पावत, 26 अक्टूबर।आगामी त्योहारों के मद्देनजर उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त और ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आयुक्त खाद्य सुरक्षा, उत्तराखंड के निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के अनुपालन में मिठाई एवं बेकरी विक्रेताओं के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि मिठाई एवं बेकरी उत्पादों की ट्रे और काउंटर पर निर्माण तिथि (मैन्युफैक्चरिंग डेट) तथा उपभोग की अंतिम तिथि (बेस्ट बिफोर/एक्सपायरी डेट) स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री की ताजगी और उपयोग की अवधि के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता के साथ-साथ कच्चे माल की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी खाद्य कारोबारियों को अपने एफएसएसएआई लाइसेंस की स्थिति अद्यतन रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारोबार संचालित करने को कहा गया।

बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और शंकाओं का समाधान भी किया गया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। सभी कारोबारियों से नए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के महामंत्री हरीश सकटा, विभिन्न खाद्य कारोबारी तथा विभागीय कर्मचारी दिनेश फर्त्याल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।