ज्ञानखेड़ा में 1201 निर्माण श्रमिकों को वितरित की गईं 4244 किट
शिक्षा, पोषण और स्वच्छता सामग्री से श्रमिक परिवारों को मिला लाभ, मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित हुआ शिविर
चम्पावत, 30 अक्टूबर। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से शुक्रवार को न्याय पंचायत मोहनपुर के अंतर्गत ग्राम ज्ञानखेड़ा स्थित पंचायत भवन में निर्माण श्रमिकों के लिए सामग्री वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 1201 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को कुल 4244 किट वितरित कर लाभान्वित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
शिविर में श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सामग्री वितरित की गई। इसमें 1842 शिक्षण किट, 1201 पोषण किट तथा 1201 स्वच्छता किट शामिल रहीं। शिक्षण किट से श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाई में सहायता मिलेगी, जबकि पोषण एवं स्वच्छता किट से परिवारों के स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। श्रमिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जोड़कर उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में निर्माण श्रमि
क मौजूद रहे।